किच्छा:सोमवार शाम से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नई मंडी समिति परिसर में धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। मंडी में पड़े करीब 640 कुंतल सरकारी और लगभग पांच हजार कुंतल किसानों का धान बारिश में पूरी तरह भीग गया। एडीएम पंकज उपाध्याय के औचक निरीक्षण में आरएफसी अधिकारियों की लापरवाही सामने आई। एडीएम ने एक दैनिक वेतनभोगी केंद्र प्रभारी को पद से हटाने, अन्य केंद्र प्रभारियों का वेतन रोकने और आरएफसी के लोडिंग-अनलोडिंग के ठेकदार पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को एडीएम उपाध्याय ने नई मंडी समिति में लगे क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।


उन्होंने केंद्रो पर अव्यवस्था को देखते हुए आरएफसी लता मिश्रा से कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारी व लोडिंग-अनलोडिंग के ठेकेदारों की बड़ी लापरवाही सामने आयी है। इस कारण सरकारी और किसानों का धान बारिश में भीग गया। एडीएम ने बताया कि बीते सोमवार को तुला हुआ धान भी नहीं उठ पाया। इसमें जितना नुकसान हुआ है, ठेकेदार पर उसका 50 प्रतिशत जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर तौल की प्रक्रिया के मुताबिक मजदूरों की कमी है। किसान का धान केंद्र पर आने पर उसी दिन तौल कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने केंद्र पर बड़ी मात्रा में धान पहुंचने की स्थिति में धान से लदी पूरी ट्रॉली को तुलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि दैनिक रूप से कांटों का निरीक्षण कर लापरवाही बरत रहे अधिकारी अथवा कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करें। बताया कि शहदौरा के कांटे पर केंद्र प्रभारी की लापरवाही सामने आने पर उसे सेवा से हटाकर दूसरे की तैनाती करने के निर्देश दिए गए है। अन्य केंद्रों पर लापरवाह प्रभारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
