श्रीनगर: उत्तराखंड में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. जिसमें कई लोग असमय ही जान गंवा रहे हैं. ताजा हादसा टिहरी जिले के कीर्तिनगर क्षेत्र में हुआ है. जहां पैंडुला बैंड के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर एक सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी. जिसकी वजह से कार सवार एक व्यक्ति की जान चली गई. जबकि, कार चालक घायल हो गया. हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया, जहां पर चालक का उपचार चल रहा है.
पैंडुला बैंड के पास कार हादसे का शिकार: कीर्तिनगर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक केएल आर्य ने बताया कि रविवार यानी 17 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे के कार जखेड से दुगड्डा की ओर जा रही थी. तभी अचानक पैंडुला बैंड के पास कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बताया जा रहा कि यह कार करीब 150 मीटर नीचे सड़क पर आ गिरी. जिससे कार के परखच्चे उड़ गए. जबकि, कार चालक और उसमें सवार शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए.वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने कार हादसे की सूचना आनन-फानन में कीर्तिनगर पुलिस को दी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. जहां कार हादसे में घायल दोनों लोगों को 108 के माध्यम से बेस अस्पताल श्रीकोट ले जाया गया. जहां डॉक्टरों टीम ने सब्बल सिंह नाम के शख्स को मृत करार दिया. जबकि, चालक दीपक सिंह का अस्पताल में उपचार चल रहा है. पुलिस अब हादसे की कारणों की जांच में जुट गई है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
