किच्छा में चरमराई व्यवस्था, किसानों के बकाए और बढ़ती चोरियों पर बिफरे विधायक बेहड़
किच्छा।
क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने किसानों के बकाया गन्ना भुगतान, सीलिंग भूमि घोटाले, फर्जी दोहरी रजिस्ट्रियों और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चीनी मिल पर किसानों का ₹21 करोड़ बकाया, तहसील दिवस में जताई नाराजगी
विधायक बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र का किसान पहले ही मौसम की मार, फसलों के नुकसान, कमरतोड़ महंगाई और खाद की किल्लत से जूझ रहा है। ऐसे संकट के समय में किच्छा चीनी मिल द्वारा किसानों का लगभग 21 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान रोकना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
”किसानों को उनकी मेहनत का पैसा समय पर मिलना ही चाहिए ताकि वे अपनी आजीविका और खेती का काम चला सकें। कल आयोजित तहसील दिवस में मैंने जिलाधिकारी के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए अपनी नाराजगी दर्ज कराई है और भुगतान तुरंत करने की मांग की है।”
— तिलक राज बेहड़, विधायक
सीलिंग भूमि को खुर्द-बुर्द कर रहे ‘रसूखदार’ नेता
सीलिंग की जमीनों पर हो रहे कब्जों का पर्दाफाश करते हुए विधायक ने कहा कि कुछ प्रभावशाली नेता अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर सीलिंग भूमि को बेहद सस्ते दामों पर खरीदने और उसे खुर्द-बुर्द करने के खेल में लगे हैं। ऐसे कई मामले कोर्ट और प्रशासन के पास लंबित हैं। उन्होंने मांग की कि सरकारी और सीलिंग भूमि से जुड़े इन घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जेल भेजा जाए।
एक ही प्लॉट की दो-दो रजिस्ट्रियां, सफेदपोशों के परिवारों पर आरोप
क्षेत्र में भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। विधायक बेहड़ ने खुलासा किया कि लालपुर, शिमला पिस्तौर और आसपास के क्षेत्रों में कॉलोनाइजर एक ही प्लॉट की दो-दो रजिस्ट्रियां कर जनता को ठग रहे हैं। हद तो यह है कि कई मामलों में दोहरी दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) तक हो चुकी है, जिसमें कुछ सफेदपोश नेताओं के परिवारों के नाम भी सामने आ रहे हैं। गरीब और मध्यम वर्ग के लोग जीवनभर की पूंजी लगाने के बाद भी अपनी जमीन के कब्जे के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने रजिस्ट्रार विभाग से इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
चोरियों से जनता में खौफ, पुलिस को विशेष टीम गठित करने की चेतावनी
क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए विधायक ने बढ़ती चोरियों पर चिंता जताई। हाल ही में चकौनी निवासी मुन्ना कुमार के घर हुई चोरी के बाद आज विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने अधिकारियों को फोन कर चोरों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले किच्छा, लालपुर और रामेश्वरपुर में हुई चोरियों का पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर पाई है, जिससे जनता में डर का माहौल है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक (SP) से मांग की है कि इन मामलों के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जाए।
वार्डों में चलाया जनसंवाद कार्यक्रम
इससे पूर्व विधायक तिलक राज बेहड़ ने किच्छा के विभिन्न क्षेत्रों का तूफानी दौरा किया। उन्होंने टीन कॉलोनी, किशनपुर (वार्ड-3), नानकनगर, बंडिया (वार्ड-5), और आदर्श नगर (वार्ड-5) में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर जनता की समस्याएं सुनीं। कई प्रभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर उन्होंने मौके से ही अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
