मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेटेड बनाने के लिए किच्छा में ‘SIR’ अभियान शुरू

खबर शेयर करें -

मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेटेड बनाने के लिए किच्छा में ‘SIR’ अभियान शुरू

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर BLO मुस्तैदी से उतरे मैदान में, घर-घर जाकर नागरिकों को कर रहे जागरूक

उपजिलाधिकारी गौरव पांडे ने क्षेत्रवासियों से की प्रशासन का सहयोग करने की अपील

मोहम्मद यासीन, किच्छा (उधम सिंह नगर)

लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव को और अधिक मजबूत व पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज से क्षेत्र में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान का विधिवत आगाज हो गया है। इस विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने मुस्तैदी के साथ मैदान संभाल लिया है और क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करने की मुहिम शुरू कर दी है।

​अभियान के पहले दिन बीएलओ की टीमों ने किच्छा और इसके आसपास के विभिन्न वार्डों व ग्रामीण इलाकों में घर-घर दस्तक दी। इस दौरान अधिकारियों द्वारा नागरिकों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण (रिवीजन) संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। इस विशेष पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह से शुद्ध, त्रुटिहीन और अद्यतन (अपडेटेड) बनाना है, ताकि आगामी समय में कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। घर-घर पहुंच रहे बीएलओ नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार करने और आवश्यक प्रपत्रों (फॉर्म) की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझा रहे हैं।

मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेटेड बनाने के लिए BLO की टीमें मैदान में उतरीं।

कोई भी पात्र मतदाता न छूटे: एसडीएम गौरव पांडे

​मामले में जानकारी देते हुए किच्छा के उपजिलाधिकारी (SDM) गौरव पांडे ने बताया कि निर्वाचन आयोग के सख्त निर्देशानुसार क्षेत्र में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का कार्य पूरी गंभीरता से शुरू कर दिया गया है। हमारे सभी बीएलओ फील्ड में सक्रिय हैं और मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य कर रहे हैं।

​”हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र का कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और वोटर लिस्ट पूरी तरह पारदर्शी व शुद्ध हो।”

गौरव पांडे, उपजिलाधिकारी

 

​एसडीएम ने किच्छा के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब भी बीएलओ आपके घर आएं, तो उन्हें अपने दस्तावेज़ों की सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। इस राष्ट्रीय कार्य को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए नागरिक प्रशासन का पूरा सहयोग करें। निर्वाचन विभाग ने भी जनता से इस अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

Ad Ad Ad
Breaking News