द्वाराहाट में गूंजा पेंशन का शंखनाद: “हर घर लगेगा OPS का झंडा”
2027 के लिए NMOPS ने कसी कमर
द्वाराहाट, पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर NMOPS द्वाराहाट ने आंदोलन को अब घर-घर तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार शाम शीतला पुष्कर मैदान में आयोजित ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक में “हर घर OPS का झंडा” अभियान का शुभारंभ किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विधानसभा क्षेत्र 48 द्वाराहाट-चौखुटिया के गांवों और नगर क्षेत्रों में कर्मचारियों के घरों की छतों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर भी NMOPS का झंडा लगाया जाएगा। इसके साथ ही “OPS क्यों जरूरी है” विषय पर पोस्टर एवं पर्चा अभियान चलाकर आम जनता को जागरूक किया जाएगा।
संगठन का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में वोट मांगने आने वाले सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को हर घर पर लहराता OPS का झंडा दिखाई दे और पुरानी पेंशन बहाली को उनके चुनावी घोषणा पत्र में प्रमुखता से शामिल करने का दबाव बने।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल सरकारी कर्मचारियों का मुद्दा नहीं है। पेंशन से जुड़ी आर्थिक सुरक्षा का सीधा प्रभाव परिवारों, स्थानीय बाजारों, व्यापारियों और पहाड़ की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है। इसलिए इस अभियान के माध्यम से समाज को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि कर्मचारी आखिर पुरानी पेंशन की मांग को लेकर वर्षों से संघर्ष क्यों कर रहे हैं।
बैठक में आगामी 13 सितंबर 2026 को देहरादून में प्रस्तावित पेंशन महारैली एवं मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम पर भी विचार-मंथन हुआ। ब्लॉक कार्यकारिणी ने द्वाराहाट से 100 प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का संकल्प लिया।
बैठक के साथ ही NMOPS द्वाराहाट ने अपना संदेश साफ कर दिया: “जो पेंशन बहाल करेगा, वही 2027 में राज करेगा।”
बैठक का संचालन सचिव नंदा बल्लभ मैनाली ने किया। वहां ब्लॉक अध्यक्ष मोहन जोशी, तारा रौतेला, गिरीश मठपाल, बलवंत अधिकारी, दीपक पांडेय, मनीष पांडेय, गोपाल कृष्ण, मनोज जोशी, अव्वल सिंह बिष्ट, प्रीति अधिकारी, पूजा गोस्वामी, दीपा रानी, मीरा काला, भावना हरबोला, तारा दत्त भट्ट, गोविंद बिष्ट, प्रेम पाल, पूरन बिष्ट, प्रकाश रौतेला, विपिन ढौंढियाल, ललित कुमार, दिनेश चंद्र, अजय सिंह, नवीन चंद्र, बालम सिंह, विमल सिंह समेत तमाम शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।
