किच्छा (उधम सिंह नगर): मोहम्मद यासीन
पहाड़ों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते किच्छा तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जल प्रबंधन और सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने गोला नदी में पानी छोड़े जाने की आधिकारिक सूचना जारी की है। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की संभावना के चलते प्रशासन ने नदी के तटीय इलाकों और आसपास की बस्तियों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
राजस्व उप निरीक्षक शेखर आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में अनाउंसमेंट करवाकर स्थानीय नागरिकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की है कि सुरक्षा के लिहाज से कोई भी व्यक्ति नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों, किनारों या जलमग्न होने वाले निचले रास्तों के पास न जाए।
किच्छा तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित जल वृद्धि से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। क्षेत्र के पशुपालकों, किसानों और आम नागरिकों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे एहतियात बरतें तथा किसी भी आपात या संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
