द्वाराहाट में कर्मचारियों ने निकाला कैंडल मार्च, पुरानी पेंशन बहाली की उठाई जोरदार मांग

खबर शेयर करें -

 

द्वाराहाट में कर्मचारियों ने निकाला कैंडल मार्च, पुरानी पेंशन बहाली की उठाई जोरदार मांग

द्वाराहाट, 26 जुलाई। राष्ट्रीय आंदोलन पुरानी पेंशन बहाली संगठन (NMOPS) के प्रदेशव्यापी आह्वान पर शनिवार, 25 जुलाई 2026 को विकासखंड द्वाराहाट में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए एक स्वर में पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल किए जाने की मांग उठाई।

कर्मचारी एवं शिक्षक नगर स्थित शीतल पुष्कर मैदान में एकत्रित हुए, जहां आयोजित सभा में वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाली के पक्ष में अपने विचार व्यक्त किए तथा सरकार से कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। इसके उपरांत कैंडल मार्च पुरानी बाजार मार्ग से बद्रीनाथ हाईवे होते हुए मुख्य चौराहे तक पहुंचा। पूरे मार्ग में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में जोरदार नारे लगाए तथा मुख्य चौराहे पर सभा आयोजित कर पुनः अपनी मांग दोहराई।

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव निकट हैं। ऐसे में जो भी राजनीतिक दल पुरानी पेंशन बहाली की एकसूत्रीय मांग को अपने चुनावी घोषणा-पत्र में शामिल करेगा, उसे प्रदेश के शिक्षक एवं कर्मचारियों का पूर्ण समर्थन प्राप्त होगा।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने नई पेंशन योजना (NPS) एवं यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को बाजार आधारित व्यवस्था बताते हुए कहा कि कर्मचारियों के जीवनभर की मेहनत की कमाई को शेयर बाजार की अनिश्चितताओं, वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव अथवा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने बुढ़ापे की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन योजना को ही सबसे उपयुक्त मानते हैं और इसकी बहाली अब समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में पुरानी पेंशन बहाली मंच के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन जोशी, महामंत्री नंदा वल्लभ मैनाली, कुमाऊं मंडल प्रचार मंत्री गिरीश मठपाल, जिला आईटी सेल प्रभारी दीपक पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण आर्या, संरक्षक डॉ. विकास पलाधी, सलाहकार डॉ. बलवंत अधिकारी, उपाध्यक्ष मनीष पांडे, राजूहा शिक्षक संघ के जिला महामंत्री पुष्कर कुंवर, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ललित पालीवाल, मनोज जोशी, पूरन सिंह बिष्ट, गणेश भट्ट, कैलाश हरबोला, अनीता कोठारी, भावना हरबोला, दीपा रानी, मनीषा टम्टा, माया मेहरा, किरन बिष्ट, बालम अधिकारी, पूजा गोस्वामी, अंकिता जोशी, पुष्पा अधिकारी, चेतना बिष्ट, कमला बिष्ट, पूरन मैनाली सहित लगभग 70 शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

Breaking News