किच्छा,: फरार गोतस्कर की घेराबंदी करने पहुंची पुलिस पर आरोपी ने दो राउंड फायर कर दिए। मंगलवार दोपहर को हुई इस वारदात में पुलिस कर्मी बाल बाल बच गए। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होने पर आरोपी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलभट्टा पुलिस को सूचना मिली कि गोतस्करी के आरोप में वांछित शकील अहमद निवासी ग्राम सहदौरा बाइक पर शक्तिफार्म होते हुए गांव की ओर आ रहा है। जानकारी पर पुलिस ने बेरिकेडिंग कर शक्तिफार्म रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देख शकील अहमद सहदौरा के जंगल की ओर मुड़ गया। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने 315 बोर के देशी तमंचे से दो राउंड फायर कर दिए। सावधानी बरतते हुए पुलिस ने किच्छा, शक्तिफार्म और सितारगंज से फोर्स को मौके पर बुलाया। पुलिस ने पेड़ों की आड़ लेकर फायरिंग की, जिसमें शकील के बाएं पैर में गोली लगी। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी ने सीएचसी पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
आरोपी पर पहले से ही गोतस्करी के पांच केस
किच्छा। आरोपी शकील के खिलाफ पुलभट्टा थाने में गोतस्करी के आरोप में पांच मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने उसपर 10 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। 18 जनवरी को पुलिस ने सहदौरा में मंजूर अहमद, उसके बेटे शाहिद अहमद को 20 किलो प्रतिबंधित मांस, कुल्हाडी, चापड, छुरी, दराती, तराजू, बांट समेत गिरफ्तार किया था। आरोपी शकील अहमद साथी सोहेल और शकील के साथ भागने में कामयाब हो गया था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश कर रही थी।
315 बोर का तमंचा और कारतूस मिला
किच्छा। पुलिस ने आरोपी शकील के पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखे कारतूस बरामद किया। पुलिस ने शकील की बाइक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस टीम में यहे रहे शामिल
किच्छा। शकील को पकड़ने वाली पुलिस टीम में बरा पुलिस चौकी इंचार्ज पंकज कुमार, एसआई धीरज वर्मा, एएसआई प्रकाश चंद, हेका. फिरोज खान, का. महेन्द्र बिष्ट, धरमवीर सिंह रहे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
