प्रदेश की सभी नौ चीनी मिलों का गन्ना क्षेत्र रिजर्व करने के लिए बुधवार को किसानों और गन्ना अधिकारियों की गन्ना सुरक्षण बैठक हुई। काशीपुर आईआईएम के प्रेक्षागृह में दो सत्रों में हुई बैठक में गन्ना आयुक्त ने बताया कि हर चीनी मिल को उनकी क्षमता के मुताबिक गन्ना मिलेगा। पहले सत्र में खटीमा, किच्छा ,बाजपुर, गदरपुर, जसपुर और दूसरे सत्र में डोईवाला, देहरादून, हरिद्वार की लक्सर, लिब्बरहेड़ी, इकबालपुर मिलों की गन्ना सुरक्षण बैठक हुई। किसानों ने मिल चलने पर प्रति सप्ताह भुगतान देने, सब्सिडी वाली दवाएं बांटने, घटतौली रोकने की मांग की।
पेराई सत्र 2024-25 हेतु राज्य की चीनी मिलों द्वारा शीघ्र ही पेराई कार्य प्रारम्भ किया जाना है। उक्त के क्रम में चीनी मिलों को गन्ना क्षेत्रफल / क्रय केन्द्र के आवंटन से पूर्व गन्ना समितियों, किसान/समिति प्रतिनिधियों, चीनी मिलों एवं गन्ना कृषकों के साथ गन्ना सुरक्षण के सन्दर्भ में विचार-विमर्श हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक गन्ना किसान संस्थान, काशीपुर स्थित प्रेक्षागृह में आज दिनांक 24 अक्टूबर, 2024 को आयोजित की गयी, जिसकी अध्यक्षता श्री चन्द्र सिंह धर्मशक्तू, आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तराखण्ड द्वारा की गयी।
आयुक्त महोदय ने सम्बोधित करते हुए बताया कि गन्ना विभाग गन्ना काश्तकारों के साथ खड़ा है, उनकी हर समस्या का समाधान किया जायेगा, काश्तकारों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना होगा। गन्ना क्रय केन्द्रों पर फ्लैक्सी बोर्ड लगाये जायेंगे जिस पर तौल बाबू का नाम, परिवहन ठेकेदार का नाम. मोबाईल नं० आदि दर्ज रहेंगे। किसानों को अपने गन्ना आपूर्ति करने के लिए अनावश्यक रूप से खड़ा नहीं रहना होगा। चीनी मिलों द्वारा परिवहन की उत्तम व्यवस्था करवाई जायेगी। गन्ना क्रय केन्द्रों में घटतौली पर रोक लगायी जायेगी। क्रय केन्द्रों पर कास्तकारों हेतु मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी।
इस बैठक में श्री चन्द्र सिंह इमलाल, अपर आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, अधिशासी निदेशक, चीनी मिल किच्छा, श्री हरबीर सिंह, प्रधान प्रबन्धक, चीनी मिल बाजपुर, श्री नीलेश कुमार, श्री अमर शर्मा, प्रधान प्रबन्धक, चीनी मिल सितारगंज, श्री एस०पी० सिंह, प्रधान प्रबन्धक, चीनी मिल लकसर, सहायक गन्ना आयुक्त, हरिद्वार / देहरादून / ऊधमसिंह नगर तथा विभिन्न गन्ना विकास समितियों के अध्यक्ष, श्री कुशलपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किसान यूनियन, सहित गन्ना कृषक श्री कुलदीप सैनी, देशराज सैनी, रविन्द्र कुमार, यशपाल सहित काफी संख्या में उपस्थित रहे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
