सिरौली कला: ट्रक ड्राइवर की बेटियों ने लहराया सफलता का परचम, दोनों बहनें नवोदय विद्यालय में चयनित
सिरौली कला। कठिन परिश्रम और मजबूत इरादों के आगे अभाव भी घुटने टेक देते हैं। इसे सच कर दिखाया है सिरौली कला (वार्ड नंबर 19) निवासी ट्रक ड्राइवर अजीमुद्दीन की बेटियों ने। हाल ही में घोषित नवोदय विद्यालय की कक्षा 11 की प्रवेश परीक्षा में अजीमुद्दीन की बेटी अरसला फातिमा ने सफलता प्राप्त कर परिवार का मान बढ़ाया है। खास बात यह है कि पिछले वर्ष उनकी बड़ी बहन समरा फातिमा ने भी इसी परीक्षा को उत्तीर्ण कर नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाया था।
मौलाना आजाद इंटर कॉलेज की छात्रा है अरसला
सफलता की नई इबारत लिखने वाली अरसला फातिमा ने अपनी कक्षा 10 तक की शिक्षा स्थानीय मौलाना आजाद इंटर कॉलेज से प्राप्त की है। अपनी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थान में जगह बनाई है। पिता अजीमुद्दीन, जो पेशे से एक ट्रक ड्राइवर हैं, अपनी सीमित आय के बावजूद अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। बेटियों की इस दोहरी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है।
शुभचिंतकों का लगा तांता
दोनों बेटियों के नवोदय विद्यालय में चयन की खबर सुनकर वार्ड वासियों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस के जिला सचिव एन.यू. खान और पूर्व प्रधान सईदुल रहमान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उनके आवास पर जाकर परिजनों को बधाई दी। अतिथियों ने दोनों बेटियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।
