13 सूत्रीय मांगों को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों का द्वाराहाट में जोरदार धरना-प्रदर्शन
शिक्षक हितों की अनदेखी पर फूटा आक्रोश, सरकार को भेजा ज्ञापन
द्वाराहाट। प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ उत्तराखंड के आह्वान पर चरणबद्ध आंदोलन के द्वितीय चरण के अंतर्गत विकासखंड द्वाराहाट में राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के नेतृत्व में उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में शिक्षकों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी लंबित 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए उप जिलाधिकारी तथा उप शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया।
धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष दीपक चंद्र पांडे ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्षों से जूनियर हाईस्कूल शिक्षक अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की उदासीनता के कारण समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी चरणों में आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने टीईटी से छूट, 17140 वेतनमान विसंगति का समाधान, पुरानी पेंशन बहाली, त्रिस्तरीय कैडर व्यवस्था, समयबद्ध पदोन्नति, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, चिकित्सा सुविधा सहित 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
ब्लॉक मंत्री नरेंद्र बोरा ने कहा कि शिक्षक हितों की लगातार उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं जिलामंत्री पुष्कर कुंवर ने संगठन की एकता को संघर्ष की सबसे बड़ी ताकत बताया। पूर्व जिला मंत्री युगल मठपाल ने शिक्षकों से आंदोलन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश चंद्र, संयुक्त मंत्री हेमा कोहली, कोषाध्यक्ष चंदन बोरा, पूर्व कोषाध्यक्ष पंकज पंत, त्रिलोक अधिकारी, शोभा नेगी, प्रकाश रौतेला, सुरेन्द्र सिंह, रमेश आगरी, बसंत साह, जगदीश बुधानी, हेमंत उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से शिक्षकों ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आगामी चरणों में आंदोलन को अधिक उग्र किया जाएगा।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
