विधायक तिलकराज बेहड़ ने आरोप लगाया कि सिरौली में प्रशासन एक वर्ग और संप्रदाय को निशाना बना रहा है, जबकि यहां की स्थिति अन्य विधानसभाओं जैसी ही है। उन्होंने कहा कि कॉलोनाइजर यहां कॉलोनियां काटकर बिना सुविधाएं दिए यूपी चले गए और इसके लिए प्राधिकरण व प्रशासन भी बराबर रूप से जिम्मेदार हैं। उनके खिलाफ भी निलंबन और एफआईआर की कार्रवाई होनी चाहिए। बेहड़ ने कहा कि जब लोग घर बना चुके हैं, तब उनका नियमन होना चाहिए और इसके लिए वह आंदोलन भी करेंगे। पिछले दो दिनों से विकास प्राधिकरण की टीम सिरौली में स्टांप पर भूमि खरीदकर बने भवनों और बिना मानचित्र स्वीकृत निर्माण पर कार्रवाई कर रही है
प्राधिकरण ने तीन वाणिज्यिक भवनों को सील करने के साथ ही कॉलोनी की सड़क व एक निर्माणाधीन भवन को ध्वस्त किया है। शनिवार को विधायक बेहड़ कांग्रेस नेताओं के साथ सिरौली पहुंचे और प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तराखंड में लोग दस रुपये के स्टांप पर भूमि खरीदकर मकान बनाए हुए हैं, लेकिन सिरौली में पंजीकृत मकानों को भी तोड़ा जा रहा है। अगर किसी का मकान बन चुका है तो उसके नियमन की व्यवस्था है। केवल सिरौली को ही निशाना बनाया जा रहा है। यहां राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे एक विशेष समुदाय को प्रताड़ित करने का संदेश जा रहा है। बेहड़ ने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रशासन से मिलकर राजनीतिक लाभ के लिए यह कार्रवाई करवा रहे हैं।उन्होंने कहा कि पिछली बार भी भाजपा नेताओं ने सील लगे मकान 10-10 लाख में खरीदकर चार गुना कीमत पर बेचे थे, जिसका खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है, वह तोड़फोड़ नहीं होने देंगे और इस मुद्दे को डीएम व मुख्यमंत्री के सामने उठाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा। इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, राजेश प्रताप सिंह, दर्शन कोली, सुनीता कश्यप, एनयू खान, सईदुल रहमान, ओमप्रकाश दुआ, अशोक मित्रा, नितिन शर्मा, गुलशन सिंधी आदि मौजूद रहे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
